खेतासराय। मानदेय न मिलने पर सोंधी ब्लाक में ज्ञापन देते हुए मनरेगा कर्मचारी। स्रोत-संवाद
खेतासराय। विकास खंड शाहगंज सोंधी में मनरेगा कर्मचारियों का आठ महीने से मानदेय नहीं मिला। इससे कर्मचारियों में रोष है। शनिवार को कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष निशानाथ ने बताया कि ग्राम रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, लेखा सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारियों ने विकास खंड परिसर में एकत्र होकर लंबित मानदेय के भुगतान की मांग की। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी निपेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में बीडीओ को संबोधित ज्ञापन सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) प्रमोद सिंह को सौंपा और शीघ्र भुगतान की मांग की। रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष निशानाथ ने बताया कि मनरेगा कर्मचारी विभागीय कार्यों के साथ अन्य विभागों के कार्य भी पूरी जिम्मेदारी से कर रहे हैं। इसके बावजूद पिछले आठ माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि होली और दीवाली जैसे प्रमुख त्योहारों पर भी भुगतान न होने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो मनरेगा कर्मचारी कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर रोजगार सेवक पंकज शर्मा, उमाकांत यादव, सुरेश, पिंटू कुमार, राम लवट यादव, शिखा सिंह, राम केवल, साधना यादव, रमेश कुमार, आरती गौतम, संतोष कुमार, गिरीश राजभर मौजूद रहे।