जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र में सिटी स्टेशन के पास सैदनपुर स्थित कबीर मठ के सामने शुक्रवार को सुबह हौसलाबुलंद बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। एक बाइक पर तीन की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने पहले महिला की सोने की चेन खींची और भागने का प्रयास किया। इस दौरान उन्हें रोकने का प्रयास करने वालों पर गोली चला दी। गोली पीड़ित के पड़ोसी के बाईं जांघ के जॉइट पर लगी। सीसीटीवी की मदद से पुलिस मामले को सुलझाने में लगी है। जांच के लिए सीओ आयुष के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की गई हैं। सैदनपुर में स्थित कबीर मठ के सामने रमेश श्रीवास्तव का मकान है। शुक्रवार की सुबह 8.30 बजे वह टहल कर घर आए थे। पत्नी मीरा श्रीवास्तव पूजा कर रही थीं। रमेश थोड़ी देर बाद घर के बगल में निकले। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन बदमाश उनके घर आए। गाड़ी की आवाज सुनकर मीरा बाहर आईं और पूछा कि किससे मिलना है..? इसी बीच दो बदमाश उनके गले से चेन छीन ली। मीरा घबरा गईं और शोर मचाईं। आवाज सुनकर रमेश श्रीवास्तव भी चोर-चोर चिल्लाते हुए बदमाशों के पीछे भागे। रमेश की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी उनके घर की ओर भागे। रमेश ने बताया कि भीड़ जुटती देख सबसे पीछे बैठे बदमाश ने करीब 12 फीट की दूरी से उन पर गोली चलाई। जो उन्हें न लग कर उनकी घर की ओर आ रहे पड़ोसी विजय चौरसिया की बायीं जांघ और पेट की जोड़ पर लगी, जिससे वह घायल हो गए। इस बीच बदमाश मुख्यमार्ग से मुरादपुर तिराहे की ओर भाग निकले। रमेश ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने विजय को अस्पताल भेजा और सीसीटीवी फुटेज खंगाला। पड़ोस के घर में लगे सीसीटीवी में बदमाश बाइक से भागते देखे गए। पीड़िता मीरा श्रीवास्तव के पति रमेश श्रीवास्तव शिक्षक हैं। वो साल 2011 में सेवानिवृत्त हुए। उनका एक ही बेटा है अजीत प्रताप है। वह नोएडा में एक टीवी चैनल में कार्यरत है। रमेश श्रीवास्तव के मकान में तीन किराएदार भी हैं। घटना के समय घर पर कोई पुरुष नहीं थे, केवल महिलाएं मौजूद थीं। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक शहर अरविंद वर्मा ने बताया कि एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। घटना में कोई विशेष घायल नहीं है। हल्की चोट है। मौके से .32 बोर का खोखा बरामद हुआ है। बदमाशों की धर पकड़ के लिए तीन टीमें गठित की गईं हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
-