जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोईरिडीहा चौराहे के पास ऑटो चालक से ऑटो रिक्शा और नगदी रुपये लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सवारी के रूप में बैठे बदमाश ने नशीला पदार्थ सुंघाकर वारदात को अंजाम दिया है।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के चकगोपालपुर गांव निवासी मो. सलीम का पुत्र मोहम्मद सोहराब ऑटो रिक्शा चलाने का काम करता है। रोज की तरह सोमवार रात जब वह ऑटो रिक्शा लेकर जौनपुर से घर की तरफ आ रहा था, इसी दौरान उसे कुछ अज्ञात बदमाशों ने सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुत्तुपुर तिराहे के पास रोक लिया और खेतासराय तक चलने को कहा। सोहराब अज्ञात बदमाशों को सवारी समझकर ऑटो रिक्शा पर बैठा लिया। जैसे ही सोहराब कोईरिडीहा बाजार के पास पहुंचा ही था कि सवारी के रूप में बैठे बदमाशों ने उसे कुछ नशीले पदार्थ सुंघा दिया। इसके चलते वह बेहोश हो गया और उसे सड़क किनारे फेंक कर बदमाश ऑटो रिक्शा, मोबाइल व कुछ नकदी लेकर फरार हो गए। मंगलवार भोर में करीब 3 बजे जब सोराब को होश आया तो वह हैरान रह गया। जब अपनी जेब देखा तो नकदी रुपये व मोबाइल फोन भी गायब था। आनन-फानन में वह घर पहुंच कर अपनी आपबीती परिजनों को सुनाई। साथ ही सरायख्वाजा थाने में तहरीर देकर मामले की जांच पड़ताल की गुहार लगाई।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने बताया की तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है।