शाहगंज... राम शकल, फाइल फोटो।
शाहगंज। निजामपुर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह कचरा प्लांट के पास नाले में अधेड़ का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी रामसकल बिंद (55) के रूप में हुई। मृतक की आंख के पास और सिर पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने मौत पर सवाल उठाया है। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के अनुसार रामसकल बुधवार की शाम को रोज की तरह घर से टहलने निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीण गांव के पास कचरा प्लांट के पास पहुंचे तो नाले में उनका शव उतराता मिला। गांव के लोगों ने बताया कि रामसकल अक्सर नाले के पास मछली पकड़ने जाते थे। आशंका है कि पैर फिसलने से नाले में गिरकर उनकी मौत हुई होगी। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।