लाईन बाजार स्थित डाक बंग्ले पर सुनवाई करती राज्य महिला आयोग की सदस्य शशि मौर्या।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य शशि मौर्य ने बुधवार को महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की सुनवाई की। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सुनवाई के दौरान कुल नौ मामले आए। चार मामले घरेलू हिंसा, चार जमीन विवाद से जुड़े मामले थे। सभी में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
दुष्कर्म की धारा हटाने से जुड़े एक प्रकरण में उन्होंने महिला थाने की प्रभारी तारावती यादव को संबंधित थाने से रिपोर्ट मंगाकर गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। कहा कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में कार्रवाई में ढिलाई न बरतें। पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय मुहैया कराया जाएगा। जनसुनवाई के बाद उन्होंने जिला महिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया। नवजात शिशुओं के परिजन को बेबी किट प्रदान किया। सुनवाई के दौरान एसीएमओ डॉ. एससी वर्मा, सीओ सदर रणविजय सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, पैनल अधिवक्ता देवेंद्र कुमार यादव, बीईओ संजय कुमार यादव, महिला कल्याण अधिकारी नीता वर्मा, जिला समन्वयक प्रतिभा सिंह, संरक्षण अधिकारी चंदन राय आदि उपस्थित रहे।