Jaunpur News: जौनपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मेडिकल कॉलेज में बिना रिपोर्ट आए ही एचआईवी पॉजिटिव मरीज का ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के बाद रिपोर्ट आई तो अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
जौनपुर जिले में उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सिद्दीकपुर के डॉक्टरों की एक आत्मघाती लापरवाही सामने आई है। यहां सर्जिकल विभाग ने एक एचआईवी पॉजिटिव मरीज का बिना जांच रिपोर्ट आए ही ऑपरेशन कर दिया। अगले दिन जब रिपोर्ट पॉजिटिव आई, तो पूरे अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। संक्रमण के खतरे को देखते हुए आनन-फानन इमरजेंसी सर्जरी सेवाओं को 15 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
विज्ञापन
सरायख्वाजा थानाक्षेत्र का एक युवक हाइड्रोसील की समस्या लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचा था। डॉक्टरों ने ऑपरेशन से पहले उसका सैंपल लेकर लैब भेजा था।
बताया जा रहा है कि 6 अप्रैल को दोपहर तक जांच रिपोर्ट नहीं आई थी लेकिन डॉक्टरों ने प्रोटोकॉल का पालन करने के बजाय मरीज की सर्जरी कर दी। ऑपरेशन संपन्न होने के बाद जब लैब से रिपोर्ट आई, तो मरीज एचआईवी पॉजिटिव पाया गया।