मल्हनी। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सिद्दीकपुर की चिकित्सा सेवाओं में एक और मजबूत कड़ी जुड़ने जा रही है। मेडिकल कॉलेज को ब्लड बैंक स्थापित करने का लाइसेंस मिल गया है। कॉलेज प्रशासन ब्लड बैंक स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दिया है। मेडिकल कॉलेज परिसर में ही रक्तदान और रक्त रखने की व्यवस्था शुरू हो जाएगी। मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी सेवाएं शुरू होने के बाद मरीजों का इलाज किया जा रहा है। जरूरतमंद मरीजों को भर्ती भी किया जा रहा है। ऐसे में दुर्घटना, गंभीर बीमारी अथवा ऑपरेशन के दौरान कई मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ती है।
ऐसी स्थिति में अभी तक मरीज के परिजनों को रक्त की व्यवस्था के लिए जिला अस्पताल समेत अन्य स्थानों तक भागदौड़ करनी पड़ती थी। कई बार समय पर डोनर उपलब्ध होने के बावजूद रक्त की व्यवस्था में देरी हो जाती थी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। ब्लड बैंक का लाइसेंस मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने ब्लड बैंक के लिए स्थान चिह्नित कर लिया है। आवश्यक मशीन और उपकरणों को व्यवस्थित रूप से स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरबी कमल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक स्थापित करने के लिए लाइसेंस मिल गया है।