जौनपुर। पूविवि के जनसंचार विभाग एवं पीआर नीति की ओर से ‘कोविड-19 के दौर में मीडिया की भूमिका’ पर बेविनार का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जयपुर विवि में पत्रकारिता विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. संजीव भानावत ने कहा कि मीडिया खास तौर से समाचार पत्रों ने कोरोना के दौर में जन जागरूकता में बड़ी भूमिका अदा की है। लोगों को वास्तविकता से परिचित कराया। मीडिया ने जन आस्था और मनोबल को बढ़ाया है।
विशिष्ट अतिथि पत्रकार सतीश के सिंह ने कहा कि इस दौर में सरकार ने हर सेक्टर को आर्थिक मदद देने का निर्णय लिया है। ऐसे में मीडिया उद्योग के लिए भी सरकार को पैकेज की घोषणा करनी चाहिए। कुलपति प्रो राजाराम यादव ने कहा कि इस दौर में मीडिया के काम से समाज में उसकी अनिवार्यता सिद्ध हो गई है। आज देश के तमाम मीडियाकर्मी कोरोना से जुड़ी खबरों को कवरेज करने के दौरान संक्रमित हुए और अपनी जान भी गंवाई। मुख्य वक्ता सूचना और प्रचार निदेशालय दिल्ली के उप निदेशक नलिन चौहान ने कहा कि आज हम एक अदृश्य आपदा का सामना कर रहे है। ऐसे में सूचना का स्वरुप और भी महत्वपूर्ण हो गया है। गुरुगोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विवि दिल्ली के डॉ. सर्वेश त्रिपाठी ने विषय प्रवर्तन किया। संयोजक डॉ. मनोज मिश्र ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन एमिटी विश्वविद्यालय नोएडा की सहायक आचार्य डॉ. आशिमा सिंह ने किया। तकनीकी समन्वय आतुर शर्मा ने किया। आयोजन सचिव डॉ. दिग्विजयसिंह राठौर एवं पीआर नीति की निदेशक विभा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सह संयोजक डॉ. सुनील कुमार एवं सदस्य डॉ. अवध बिहारी सिंह व डॉ. चंदन सिंह रहे।