सिकरारा के बाँकी गाँव चक्रवाती तूफान से खेतों खड़ी धान की फसल हुई जमींदोज। संवाद
जौनपुर। अर्नब चक्रवात का असर अब जिले में दिखने लगा है। बृहस्पतिवार को दिनभर रुक-रुककर हुई हल्की बारिश और तेज हवा चलने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बीते तीन दिन में अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। मौसम विभाग ने 30 अक्तूबर को जिले में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। बीएचयू वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक शिवमंगल सिंह ने आगामी दो दिनों तक मौसम इसी तरह रहने का अनुमान लगाया है। धान की तैयार फसल को बारिश से बचाने के लिए किसान जुट गए हैं। कई क्षेत्रों में खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है। बारिश की आशंका को देखते हुए बीएसए समीर ने शुक्रवार को नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।