मधुबन के शहीद इंटर कालेज पर लंबी कूद में प्रतिभाग करते खिलाड़ी।संवाद
मधुबन के सिद्धा अहिलासपुर स्थित शहीद इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय 30वीं मंडलीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। आजमगढ़ मंडल के तीनों जनपदों मऊ, आजमगढ़ और बलिया के एथलीटों के बीच हुए कड़े मुकाबले में मऊ ओवरऑल चैंपियन बना।
प्रतियोगिता में आजमगढ़ को द्वितीय और बलिया को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक प्रमोद कुमार मल्ल ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग के 100 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद में आजमगढ़ की रिया वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया।
400 व 600 मीटर दौड़ में मऊ की अन्नू अव्वल रहीं। गोला क्षेपण में आजमगढ़ की निधि और चक्र क्षेपण में मऊ की संजना मौर्य ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। जूनियर वर्ग के 800 मीटर में बलिया की अंजलि, 100 मीटर में आजमगढ़ की खुशी, 400 मीटर में प्रीति और पैदल चाल में अनामिका (आजमगढ़) ने बाजी मारी। गोला क्षेपण में मऊ की साक्षी चौहान प्रथम रहीं। त्रिकूद में शिवांगी वर्मा, भाला क्षेपण में करिश्मा और 1500 मीटर दौड़ में मुस्कान प्रजापति (तीनों आजमगढ़) ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं पैदल चाल में मऊ की रोमी राजभर विजेता बनीं। बालक वर्ग के सब-जूनियर श्रेणी में बलिया के शुभम ने बाजी मारी। जूनियर वर्ग में मऊ (पतरजीवा) के उदय तथा सीनियर वर्ग में मऊ के कैश यादव और इटैली के किशन राजभर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
व्यायाम शिक्षकों की 200 मीटर की विशेष दौड़ में शहीद इंटर कॉलेज के व्यायाम शिक्षक वीरेंद्र विक्रम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रबंधक प्रमोद कुमार मल्ल ने उन्हें 1,000 रुपये का नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्रबंधक प्रमोद कुमार मल्ल ने कहा कि खेल से अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन की जरूरत है। प्रधानाचार्य विक्रमादित्य चौहान ने आभार प्रकट किया। इस दौरान क्रीड़ा प्रभारी वीरेंद्र विक्रम, श्रीराम बरनवाल, विनोद सिंह, तेज बहादुर माैजूद रहे।