मछलीशहर। भीषण गर्मी में नगरवासियों को पानी की किल्लत से बचाने के लिए नगर पंचायत ने कमर कस ली है। बुधवार को चेयरमैन संजय जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए बड़ा निर्णय लिया गया। अब जलापूर्ति का वेग (फोर्स) बढ़ाने के लिए मुख्य टंकी खोलने से पहले ही पाइप लाइन को पंपिंग सेट के जरिए पानी से भर दिया जाएगा। अधिशासी अधिकारी विजय सिंह और लिपिक मनोज चौरसिया ने बताया कि पाइप लाइन खाली होने के कारण सप्लाई शुरू होते ही एक-चौथाई पानी पाइपों में ही रह जाता था। जब तक पानी का दबाव बढ़ता, तब तक बिजली कट जाती थी। इस वजह से ऊँचाई पर स्थित घरों या दूर-दराज के नलों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था। नगर पंचायत ने तय किया है कि कस्बे के 10 पंपिंग सेटों को सुबह 6 बजे से पहले ही चलाकर पाइप लाइनों को पूरी तरह भर दिया जाएगा। इसके तुरंत बाद मुख्य टंकी से सप्लाई छोड़ी जाएगी, जिससे पानी तेज रफ्तार के साथ हर घर तक पहुँचेगा। इस व्यवस्था से नागरिक समय रहते अपने वाटर पंप के जरिए टंकियों में पानी सुरक्षित कर सकेंगे। बैठक में चेयरमैन ने विश्वास दिलाया कि इस नई व्यवस्था के लागू होने से नगर के सभी वार्डों में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।