नीम के पेड़ से लटकता राजमिस्त्री का शव मिलने के बाद जुटी भीड़।
- फोटो : संवाद
मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के बुजुर्गा गांव में बृहस्पतिवार की सुबह घर से 100 मीटर दूर नीम के पेड़ से नायलॉन की रस्सी के सहारे राजमिस्त्री का शव लटकता मिला। परिजनों ने बगल के गांव के कुछ लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुटी है।
गांव निवासी ओम प्रकाश (45) का शव उनके घर से 100 मीटर दूर नीम के पेड़ में नायलॉन की रस्सी के सहारे लटकता मिला। गांव के लोगों ने शोर मचाया तो परिवार के लोगों को जानकारी हुई। परिजनों ने बताया कि ओम प्रकाश राजमिस्त्री का काम करते थे। उनसे दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़े भाई संजय कुमार ने बगल के गांव के पांच नामजद लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों पर एक सप्ताह पहले प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है।