गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के निशान गांव में सोमवार की रात विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। कमरे में पंखे के सहारे रस्सी के फंदे पर उसका शव लटक रहा था। विवाहिता के पिता ने दहेज में दो लाख रुपये न मिलने पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आजमगढ़ जिले के देवगांव थाने के ग्राम जिरिकपुर निवासी शिवप्रसाद राम की पुत्री बीना (23) की शादी वर्ष 2019 में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम निशान निवासी जयप्रकाश राम के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये की मांग करते थे। मांग पूरी न होने पर अक्सर उसे प्रताड़ित करते थे। पिता ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि सोमवार को बेटी ने फोन कर ससुरालवालों द्वारा पिटाई करने की बात बताई थी। रात करीब 11 बजे उसे बेटी के मौत की सूचना दी गई। पति जयप्रकाश राम, सास लालती देवी, ससुर महेन्द्र प्रताप, जेठ विजय राम व जेठानी संगीता देवी ने बीना की हत्या कर दी। शव का फंदे पर लटका दिया। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश राय का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके जांच की जा रही है।