सादीगंज मुहल्ले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को सुबह उसका शव कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकता पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर पहुंचे विवाहिता के भाई इसहाक अली ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
सादीगंज निवासी अमीन शाह की शादी 15 वर्ष पहले पंवारा थाने क्षेत्र के रज्जुपुर गांव निवासी आलम शाह की पुत्री शाजमा बानो(35) के साथ हुई थी। बताते है कि शादी के बाद से ही पति पत्नी के रिश्ते ठीक नहीं थे। मायके पक्ष के लोगो का कहना है कि प्राय: दोनो में लड़ाई झगड़ा हुआ करता था। आपसी झगड़े को लेकर ससुराल व मायके पक्ष के बीच कई बार पंचायत भी हुई थी।
घटना के बारे में विवाहिता के पति का कहना है कि वह गुरुवार को सुबह सोकर उठा तो उसका दो वर्षीय पुत्र कमरे में रो रहा था । वह उसे लेकर बाहर चला गया। इसके बाद महिला ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया जबकी उसका बड़ा बेटा अपनी माँ के पास ही लेटा था। वह वापस लौटा तो देखा की कमरा अंदर से बन्द है।
जब दरवाजा पीटा तो बेटे ने दरवाजा खोला तो देखा पत्नी फंदे के सहारे लटक चुकी थी। शोर मचाया तो लोग आ गए। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोग हत्या की बात कहकर हंगामा करने लगे। कोतवाली पुलिस कड़ी मशक्कत के बाद शव को थाने ले आई। मृतका के भाई इसहाक अली ने अपनी तहरीर में हत्या करने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। मृतका तीन बच्चों की मां थी।