बरसठी के गहली गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : JAUNPUR
निगोह। बरसठी थाना क्षेत्र के गहली गांव में शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। महिला के मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
गांव निवासी अनीश बरसठी ब्लाक में रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत है। उसकी शादी प्रयागराज के हंड़िया क्षेत्र के बरौत निवासी कविता से वर्ष 2014 में हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। कविता के पिता राजबहादुर का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल के लोग बेटी को प्रताड़ित करते रहते थे। शुक्रवार की रात उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया। वहीं, पति अनीश का कहना था कि रात में दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद कविता ने कमरा बंद कर लिया। बच्चे भी अंदर ही थे। सुबह जब वह उसे बुलाने पहुंचा तो दरवाजा नहीं खुला। अंदर से बच्चों ने बताया कि मम्मी फंदे पर झूल रही हैं। इसके बाद दरवाजा तोड़कर वह अंदर गया। सूचना पाकर एसओ श्याम दास वर्मा, सीओ राजेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। सीओ ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर मृतका के पति के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न व हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।