साप्ताहिक कोरोना कर्फ्यू के चलते शनिवार को बाजार बंद रहे। शहर समेत सभी ग्रामीण क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियां न होने से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोगों का आवागमन भी कम था। इस बीच नगर निकायों ने अभियान चलाकर सैनिटाइजेशन व साफ-सफाई कराई। डीएम-एसपी ने बाजारों का भ्रमण कर कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
कोरोना संक्रमण का असर कम होने के बाद सरकार ने आंशिक कोरोना कर्फ्यू में छूट दी है, लेकिन साप्ताहिक कर्फ्यू को बरकरार रखा है। इसके तहत शुक्रवार की शाम सात बजे से ही बाजारों में सभी व्यावसायिक गतिविधियां रोक दी गई थी। इस दौरान सिर्फ दवा, सब्जी, फल, दूध, किराना आदि की दुकानों को खोलने की अनुमति है। शनिवार को सुबह कुछ देर के लिए इन सामानों की दुकानें खुली थीं, जिस पर खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ रही। दोपहर तक ज्यादातर बाजारों में सन्नाटा था। हाईवे पर ही वाहनों की आवाजाही जारी रही। शहर के ओलंदगंज, चहारसू, कोतवाली रोड सहित अन्य बाजारों में दुकानें बंद रहने से सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान नगर पालिका की ओर से सफाई अभियान चलाया गया। मेरा गांव सबसे सुंदर अभियान के तहत मियापुर, बकुची, बरसठी, शुदनीपुर और गंगापट्टी वार्ड, जिला अस्पताल में सैनिटाइजेशन और सफाई हुई। उधर, डीएम मनीष कुमार वर्मा व एसपी राजकरन नय्यर ने बदलापुर पड़ाव, ओलंदगंज चौराहा आदि इलाकों में भ्रमण कर सब्जी-फल आदि की दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग के पालन का अवलोकन किया। दुकानदारों को मास्क लगाने के प्रति जागरुक किया।