जौनपुर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए लागू कोरोना कर्फ्यू के चलते बुधवार को बाजार जरूर बंद थे, परंतु शहर के कई प्रमुख इलाकों में जाम की स्थिति बनी रही। दवा, फल, दूध, सब्जी, किराना की दुकानें खुली रहीं व बाकी प्रतिष्ठान बंद रहे। हालांकि शादी विवाह के चलते कई लोगों की डिमांड को देखते हुए बर्तन, कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रानिक्स आदि के दुकानदारों ने बैक डोर से दुकानदारी की। जिससे शहर में लोगों की भीड़ नजर आई। दोपहर में कोतवाली, सब्जीमंडी, कचहरी रोड पर जाम की स्थिति बनी रही।
कोरोना कर्फ्यू में दवा, फल, सब्जी, दूध आदि आवश्यक वस्तुओं की ही दुकानें खुलने का आदेश है। जिससे अन्य दुकानें बंद थीं, परंतु शहर में लोगों की भीड़ अधिक थी। दिन में करीब 11 बजे कोतवाली चौराहे और चहारसू चौराहे पर आम दिनों की तरह भीड़ नजर आई। सब्जी मंडी में भी लोगों की भीड़ लगी रही। कलेक्ट्रेट गेट के पास कचहरी रोड पर दोपहर 12 बजे जाम की स्थिति बन गई। आंबेडकर तिराहे के पास स्थित एटीएम में भी सोशल डिस्टेंसिंग के मानक की अनदेखी करते हुए लोग लाइन में लगे रहे। एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार का कहना है कि घर से बिना किसी वाजिब कारण के ही निकलने वालों पर पुलिस निगरानी कर रही है। बुधवार को भी शहर समेत अन्य इलाकों में करीब 300 लोगों का चालान किया गया है।