थाना क्षेत्र के श्रीनेत्रगंज बाजार के निकट इलाहाबाद मार्ग पर कूढ़ा गांव के सामने बोलेरो सवार बदमाशों ने रविवार की देर रात अगवा कर शिक्षक कप्तान प्रसाद (32) को गोली मार दी।
बदमाशों ने शिक्षक को महराजगंज थाना क्षेत्र के माडरडिह गांव के समीप जबरन बोलेरो से अगवा कर लिया था। गोली की आवाज सुन ग्रामीणों ने बोलेरो को घेर कर उस पर पथराव शुरू कर दिया।
हालांकि बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना की खबर लगते ही मौके पर इलाकाई पुलिस भी पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से घायलावस्था में शिक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर में भर्ती कराया।
जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर एसपी भारत सिंह यादव मौके पर पहुंच गए थे। इस संबंध में इंस्पेक्टर अरविंद यादव का कहना है कि बदमाशों ने लूट की नीयत से शिक्षक को उठाया और यहां लाकर गोली मार दी। शिक्षक को चार गोली लगी है। मामले की जांच की जा रही है।