जौनपुर। जिले में गर्मी ने परेशान करना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को तापमान ने पिछले तीन वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया। दिन में गर्मी के साथ ही लू जैसे हालात रहे। मार्च में अब तक बृहस्पतिवार सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री न्यूनतम 20 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के तीन वर्षों के आंकड़ों के मुताबिक 27 मार्च 2024 को अधिकतम तापमान 25 डिग्री न्यूनतम 18 डिगी, 27 मार्च 2023 का अधिकतम तापमान 34 डिग्री व न्यूनतम 20 डिग्री, 27 मार्च 2022 का अधिकतम तापमान 37 डिग्री न्यूनतम 22 डिग्री दर्ज किया था। अगर बीते तीन वर्षों में देखा जाए तो इस बार मार्च के अंत में जो हालात हैं उससे इस बार पड़ने वाली गर्मी का अंदाजा लगाया जा सकता है। गर्मी और तापमान को देखते हुए जिले के स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। गर्मी और तेज धूप के कारण सुबह 10 बजे के बाद ही सड़कों पर भीड़ कम होती जा रही है। दोपहर में सन्नाटा रह रहा है। शाम तीन बजे से थोड़ी चहल-पहल देखने को मिल रही है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 28 मार्च से पछुआ हवाओं की रफ्तार में और तेजी आएगी। इसके असर से फिलहाल दो से तीन दिन तक तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। साथ ही तात्कालिक तौर पर तपिश से थोड़ी राहत मिलेगी। इसके बाद फिर से गर्मी बढ़ेगी। अप्रैल का आगाज तपिश भरी धूप और गर्म हवा के थपेड़ों के साथ होगा।
तापमान तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में हीटवेव से बचाव के लिए निर्देश जारी कर दिया गया है। सभी सीएचसी और पीएचसी के अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि यदि कोई मरीज आता है तो प्राथमिकता के तौर पर उसका इलाज कराएं।डाॅ. लक्ष्मी सिंह, सीएमओ जौनपुर
बीते 10 दिनों में ऐसे बदला तापमान
दिन अधिकतम न्यूनतम
18 मार्च 32 19
19 मार्च 34 20
20 मार्च 35 18
21 मार्च 35 20
22 मार्च 33 20
23 मार्च 32 19
24 मार्च 33 16
25 मार्च 34 18
26 मार्च 36 19
27 मार्च 40 20