जंघई जंक्शन से होकर वाराणसी प्रतापगढ़ रेलवे रुट पर चलने वाली पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों को रेलवे ने तीन अक्तूबर तक निरस्त कर दिया है और कुछ का रूट बदल दिया है। रेलवे ने प्रतापगढ़ जंक्शन में यार्ड व रिमॉडलिंग का कार्य चलने के कारण ट्रैफिक ब्लॉक को देखते हुए यह निर्णय लिया है। जिससे यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ेगा।
वाराणसी प्रतापगढ़ रेलवे रूट पर स्थित जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन से यात्री वाराणसी, प्रतापगढ़, लखनऊ ,जौनपुर, प्रयागराज के लिए ट्रेनों की अदला बदली करते है। जंघई स्टेशन से होकर चलने वाली वाराणसी से चलकर हरिद्वार देहरादून को जाने वाली अप डाउन जनता एक्सप्रेस तथा हावड़ा से चलकर अमृतसर को जाने वाली अप डाउन पंजाब मेल तीन अक्तूबर तक फाफामऊ- ऊंचाहार-रायबरेली के रास्ते से होकर जाएगी। जबकि लखनऊ - बनारस इंटरसिटी सहित कई अन्य ट्रेनों को तीन अक्तूबर तक के लिए निरस्त कर दिया गया है। स्टेशन अधीक्षक जंघई वकील सिंह ने बताया कि प्रतापगढ़ स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य को पूरा करने के लिए ब्लॉक किया गया है।