जौनपुर। जिले की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने बृहस्पतिवार की रात कई थानों के प्रभारी बदल दिए। दो थानेदारों को दूसरे थाने पर एसएसआई बना दिया गया है। इसमें बलिया में दंड पाने वाले सिंगरामऊ के थानेदार विनीत मोहन पाठक भी शामिल है। फोटो स्टेट दुकानदार की पिटाई के मामले में विवादों में रहे लाइन बाजार के थानेदार दिनेश प्रकाश पांडेय को मछलीशहर की कमान सौंपी गई है।
फोटो स्टेट के पैसे लेने के विवाद में पुलिस वालों ने दुकानदार को घर में घुसकर पीटा था। इस मामले में एक पुलिसकर्मी पर कार्रवाई भी हुई। व्यापारियों ने इस मामले में लाइन बाजार थानेदार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था। राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव, जफराबाद विधायक हरेंद्र प्रताप सिंह भी थानेदार पर कार्रवाई के लिए अफसरों के से बात कर चुके थे। पुलिस अधीक्षक ने लाइन बाजार के थानेदार दिनेश प्रकाश पांडेय को वहां से तो हटा दिया लेकिन मछलीशहर जैसे बड़े थाने की कमान सौंप दी। मछलीशहर में हाल ही में तैनात किए गए विजय कुमार चौरसिया को बदलापुर भेज दिया गया।
बदलापुर के थानेदार राजेश यादव को खेतासराय का प्रभारी बनाया गया है। खेतासराय थाने के इंचार्ज विजय प्रताप सिंह को सिंगरामऊ में एसएसआई बनाया गया है। सिंगरामऊ के एसओ विनीत मोहन पाठक अब बदलापुर थाने में एसएसआई का काम देखेंगे। विनीत मोहन को बलिया जिले में किसी मामले में दंडित किया गया है। इसी आधार पर उनसे थाने की कमान छीन ली गई है। शाहगंज में लंबे समय से तैनात जयप्रकाश सिंह को लाइन बाजार का एसओ बनाया गया है, जबकि पुलिस लाइन्स में तैनात भारत भूषण तिवारी को शाहगंज थाने की जिम्मेदारी दी गई है। इनके अलावा शहर कोतवाली की शकरमंडी चौकी के प्रभारी पद पर संतोष कुमार शुक्ला को नियुक्त किया गया है। वह मीरगंज थाने की जंघई चौकी के प्रभारी थे। शकरमंडी इंचार्ज को दो दिन पहले ही एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया था। शीतांशु शेखर अब बरसठी थाने में ही एसएसआई होंगे। इसके पहले भी वह यहीं एसआई के रूप में थे। एसपी अशोक कुमार ने बताया कि सिंगरामऊ एसओ विनीत पाठक पर बलिया जिले में दंड मिलने में कारण इंचार्ज पद से हटाया गया है। अन्य सभी बदलाव जनहित में किए गए हैं।