सिटी स्टेशन के पास रेलवे की जमीन पर पौधरोपण अभियान के समापन के बाद भी गड्ढे के किनारे रखे गए पौधे।
ग्रीन यूपी क्लीन यूपी के तहत जिले में 24 घंटे में लक्ष्य के अनुसार पौधे लगवाकर प्रशासन भले ही अपनी पीठ थपथपा रहा है। लेकिन अभी भी कई स्थानों पर पौधों को बिना लगाए ही चयनित स्थानों पर रख दिया गया है। खोदे गए गड्ढे के बगल में रखकर छोड़ दिया गया है।
विभाग द्वारा उनको गड्ढे में लगाने की जहमत तक नहीं उठाई गई। जबकि पौध रोपण हुए पांच दिन गुजर गए हैं। बावजूद इसके विभाग उन्हें गड्ढाें में लगवाने का कार्य नहीं कर रहा है। ग्रीन यूपी क्लीन यूपी के तहत 11 जुलाई को जिले में 143 स्थानों पर पांच लाख 33 हजार 415 पौधे लगाए गए।
इस दौरान सरकारी मशीनरी सहित मंत्री, विधायक , विद्यार्थी व ग्रामीणों ने अपना सहयोग प्रदान कर पौधों को लगवाने का कार्य किया। जिससे जनपद की धरती हरियाली युक्त हो जाए। लेकिन विभाग के लापरवाही के कारण जिले में जिले में हरियाली की मंशा साकार होती नहीं दिख रही है।
हालत यह है कि पौध रोपण हुए पांच दिन का समय गुजर गया है। अभी भी सिटी रेलवे स्टेशन सहित जफराबाद -सुल्तानपुर रेल प्रखंड आदि स्थानों पर पौधों को गड्ढे में नहीं लगाया गया है। बल्कि पौधों को गड्ढाें के पास ही रखकर छोड़ दिया गया है।