भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के लिए तैयार हो रहा मंच।
भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन टीडी कालेज के मैदान में शनिवार को होगा। सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बूथ अध्यक्षों को चुनाव प्रबंधन के गुर सिखाएंगे। सम्मेलन के मंच पर काशी प्रांत के सभी 12 जिलों के सांसद भी रहेंगे।
इसके अलावा रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, राष्ट्रीय सचिव अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्या, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह सहित अन्य लोग भी रहेंगे।
सम्मेलन में में 12 जिलों के 30 हजार कार्यकर्ताआें के बैठने की व्यवस्था की गई है। पूरे कार्यक्रम की वीडियो फिल्म भी बनाई जा रही है। कार्यकर्ता उपद्रव न करें इसके लिए भी एक टीम गठित की गई है जो ऐसे लोगों पर नजर रखेगी।
अमित शाह से पार्टी के वरिष्ठ नेता अलग से मिले सकेंगे। इसका भी इंतजाम किया गया है। सम्मेलन की शुरूआत दीप प्रज्जवलन के बाद वंदेमातरम से होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने बताया कि तीन बजे जगतपुर महाविद्यालय परिसर जगतपुर, वाराणसी से कार द्वारा
चार बजे टीडी कालेज पहुंचेंगे। यहां से वह साढे़ सात बजे लालबहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाराणसी के लिए निकल जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्वागत के लिए 100 तोरण द्वार बनाए गए हैं। सभा स्थल पर रंगोली के लिए मुंबई से मंजू शिंदे की टीम बुलाई गई है। कार्यकर्ताओं को गीत संगीत के लिए प्रसिद्ध भोजपुरी गायक रविंद्र सिंह ज्योति को आमंत्रित किया गया है।