शाहगंज (जौनपुर)। क्षेत्र के ताखा पूरब गांव में बुधवार की रात दो सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया। मारपीट के दौरान बड़े भाई ने गला दबाकर छोटे भाई की हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गांव निवासी सुदर्शन यादव (24) का बड़े भाई प्रवीण यादव से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। परिजनों के अनुसार देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान प्रवीण ने सुदर्शन का गला दबा दिया। जब तक परिवार के लोग बीच-बचाव करते, सुदर्शन अचेत हो चुका था।
घटना से घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी प्रवीण यादव को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि आपसी विवाद में युवक की मौत हुई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।