खेतासराय बरंगी निवासी मृतक हारिश की सऊदी अरब में मौत फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
खेतासराय। क्षेत्र के बरंगी गांव निवासी एक युवक की सऊदी अरब में काम के दौरान मौत हो गई। घटना बृहस्पतिवार शाम की बताई जा रही है। बरंगी गांव निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद हारिस रोजी-रोटी के सिलसिले में करीब दो वर्ष पूर्व सऊदी अरब के रियाद शहर गया था। वहां वह एक बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी में फोर्कलिफ्ट मशीन पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक फोर्कलिफ्ट मशीन का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। इसी दौरान सिर पर लोहे की रॉड गिरने से हारिस गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। हादसों से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, हारिस दो सप्ताह बाद घर लौटने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। वह पहली बार विदेश गया था और अभी अविवाहित था। गांव निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहम्मद फरहान ने बताया कि हारिस मेहनती और व्यवहार कुशल युवक था।