Jaunpur News: शाहगंज थाना क्षेत्र के राजापुर सहावें गांव में बुधवार दोपहर छप्पर में बनी मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से मां-बेटी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान ज्ञानती देवी (46) और उनकी बेटी अंब्रिका (12) के रूप में हुई। हादसे में एक बकरी भी मलबे में दबकर मर गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार राजापुर सहावें गांव निवासी बिंदु राजभर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बुधवार दोपहर वह घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान छप्पर में बनी मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर उसमें दबी ज्ञानती देवी और उनकी बेटी अंब्रिका को बाहर निकाला।