महावीर का दर्शन कर भक्त हुए निहाल
सिकरारा के पावन सिद्धि पीठ अजोशी महावीर धाम के श्रृंगार महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन-पूजन के लिए पहुंची। काशी, प्रयाग और मथुरा से आए विद्वानों द्वारा विशेष पूजन अर्चन के बाद मंगला आरती में शामिल होने आए भक्तों के जय बजरंग बली के उद्घोष से समूचा परिसर भक्तिमय हो गया।
मन्दिर के पुजारी अरविंद मिश्र ने सहयोगियों के साथ मंदिर के गर्भगृह स्थित महावीर की मूर्ति का श्रृंगार मंगलवार की भोर में किया। पूजा अर्चन के बाद श्रद्धालुओ के दर्शन के लिए कपाट खोल दिया गया। अपने आराध्य की एक झलक पाने को श्रद्धालु घंटो कतार में खड़े रहे। परिसर में कर्मकांडी विद्वानों द्वारा सुन्दरकाण्ड पाठ, हनुमान चालीसा और बजरंग बाण आदि का पाठ किया गया। मन्दिर के प्रधान सेवक पंडित गोरखनाथ मिश्र ने प्रवचन करते हुए कहा कि हनुमान जी जैसा कोई भक्त नहीं और जो उनकी पूजा अर्चना करता है। उसके ऊपर प्रभु श्रीराम की कृपा बरसती है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव, जिला पंचायत सदस्य नन्हकू यादव, विक्रम यादव, शिक्षक नेता अमित सिंह व यशवंत यादव सहित बड़ी संख्या में लोगों ने आहुति दी। इस अवसर पर समरनाथ, गौरीशंकर यादव, इन्द्रसेन सिंह, डा. हरेंद्र, ओमकारनाथ, विजयनाथ, राजेन्द्र यादव, बाबा यादव प्रधान आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।