जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के नेतृत्व में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बृहस्पतिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। इसमें रक्तदान करते हुए मतदान करने की अपील की गई। स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदान कर सभी को मानवता की सेवा का संकल्प दिलाया।
रक्तदान जीवनदान, मतदान-महादान की थीम पर आईएमए ब्लड बैंक लाइन बाजार में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ बीएसए डाॅ. गोरखनाथ पटेल ने फीता काटकर किया। जिला स्वीप को-ऑर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा सहित 42 लोगों ने रक्तदान कर लोगों को रक्तदान और मतदान के लिए प्रेरित किया। बेसिक शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर उत्साह के साथ रक्तदान किया। रक्तदान शिविर के बाद सभी को मतदान करने की शपथ दिलाई गई। बीएसए डाॅ. गोरखनाथ पटेल ने रक्तदान और मतदान के महत्व के बारे में बताया। कहा कि जीवन के लिए जिस प्रकार रक्तदान जरूरी है, उसी प्रकार लोकतंत्र के लिए मतदान महत्वपूर्ण है। 25 मई को लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। आईएमए अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि रक्त अमूल्य है। आपका रक्त किसी का जीवन बचा सकता है। आपका मत लोकतंत्र मजबूत कर सकता है। इसलिए आइए मिलकर हम सभी रक्तदान और मतदान जैसे पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। इस अवसर पर आईएमए सचिव डाॅ. एके मौर्य, हेमंत सिंह, अतुल प्रकाश यादव, शिवम सिंह, अखिलेश सिंह, शैलेश चतुर्वेदी, डाॅ. बीएन दुबे आदि उपस्थित रहे।