मछलीशहर। तहसील अधिवक्ता संघ के वर्तमान अध्यक्ष को संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। बुधवार को संघ के साधारण सभा की बैठक हुई। इसमें निलंबन का निर्णय लिया गया। संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया। अधिवक्ता संघ की बैठक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रस्ताव पारित किया गया कि संघ के अध्यक्ष हुबेदार पटेल को संगठन विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण निलंबित किया जाता है। इसके साथ ही यह भी प्रस्ताव पारित हुआ कि आज शोकसभा के बाद न्यायिक कार्य नहीं किया जाएगा। संगठन की ओर से लिए गए निर्णय को बरकरार रखा गया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि अध्यक्ष ने साधारण सभा की बैठक के बाद लिए गए शोक सभा के निर्णय का खंडन किया था।
तहसील में उपस्थित होने के बाद भी वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं पदाधिकारियों के अनुरोध के बावजूद साधारण सभा की बैठक में अनुपस्थित रहे। बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश चंद्र सिन्हा, केदार नाथ यादव, हरि तिवारी, अशोक श्रीवास्तव, आरपी सिंह,राम आसरे दूबे आदि मौजूद थे। संचालन महामंत्री नंदलाल यादव ने किया।