वाराणसी। मंदिरों से साईं प्रतिमा को हटाने का अभियान जारी है। मंदिरों के महंत व पुजारी स्वेच्छा से साईं की प्रतिमाओं को मंदिरों से हटा रहे हैं। हौज कटोरा स्थित पुरुषोत्तम मंदिर से महंत परिवार ने साईं बाबा की प्रतिमा को हटवाकर मां काली की प्राणप्रतिष्ठा कर दी है। मंदिर के महंत श्रीशंकर दीक्षित ने बताया कि मंदिर के नवनिर्माण के दौरान कुछ लोगों ने साईं की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने जब मंदिरों में साईं की प्रतिमा का विरोध किया तो हम लोगों को उनकी बात सही लगी। हम लोग लंबे समय से साईं की प्रतिमा हटाने पर विचार कर रहे थे। मंदिर से साईं की प्रतिमा को हटा दिया गया है और अब मां काली के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा कर दी गई है। जिन लोगों ने स्वार्थवश या किसी लालचवश प्रतिमा स्थापित की है तो वह भी इस पर विचार करें और जल्द से जल्द मंदिरों से प्रतिमा को हटवाएं। ब्यूरो