मुंगराबादशाहपुर के स्टेशन रोड पर स्थित मां गायत्री शक्तिपीठ मंदिर में यज्ञ करते हुए श्रद्धालु।
सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर के स्टेशन रोड पर स्थित मां गायत्री शक्तिपीठ पर नवरात्र पर्व आयोजित सालाना महोत्सव का शनिवार को हवन पूजन के साथ समापन हुआ। देवी भक्तों ने स्वच्छ परिधानों में मंदिर पर पहुंच कर मां गायत्री का दर्शन पूजन किया। महिलाओं व श्रद्धालुओं ने पांच कुंडीय यज्ञ में आहुति देकर परिवार के सुख शांति के लिए यज्ञ देवता की आराधना की। यज्ञ कार्यक्रम यज्ञाचार्य आनंद ने गायत्री मंत्र के बीच संपन्न कराया। इस अवसर शक्तिपीठ के आचार्य गुलाब ने यज्ञ व गायत्री मंत्र के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि गायत्री के 24 अक्षरों में सभी देवों का वास है। इसलिए इसे महामंत्र और मंत्रों का मुकुट कहा गया है। यज्ञ से जहां वातावरण शुद्ध हो जाता है वहीं मानव जीवन निरोगी हो जाता है। अंत में भक्तों में महाप्रसाद का वितरण किया गया। मुख्य रूप से कैलाश, रामलाल, माया देवी, राजेन्द्र प्रसाद साहू, नंदन त्रिपाठी, आशीष मोदनवाल, हेमंत शर्मा आदि मौजूद रहे।