एजेंसी पर गैस न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने बुधवार को जमकर बवाल काटा। मुंगराबादशाहपुर में उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर दी, जबकि खुटहन में एजेंसी के सामने खाली सिलेंडर के साथ लोगों ने प्रदर्शन किया।
पुलिस ने किसी तरह बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में गैस सिलेंडर का वितरण किया गया फिर भी बहुत से उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा।
मुंगराबादशाहपुर के मादरडीह कस्बे में स्थित एजेंसी पर सुबह सैकड़ों की संख्या में लोग गैस लेने पहुंचे थे। भीड़ में आधे लोगों को भी सिलेंडर नहीं मिल पाया, तभी पता चला कि सिलेंडर खत्म हो गया।
सुबह सात बजे से ही लाइन में खड़े लोगों को 10 बजे बताया गया कि सिलेंडर खत्म हो गया अब गैस के लिए वे अगले दिन आएं। इससे भड़के उपभोक्ता सड़क पर आ गए। उपभोक्ताओं ने मुंगराबादशाहपुर-सुजानगंज मार्ग को जाम कर
दिया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की खबर पर थानाध्यक्ष श्रीधर पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह समझा-बुझाकर दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया। जाम करने वालों में नागेंद्र यादव, लाल
बहादुर, समरजीत, बृजेश उपाध्य, निखिल जायसवाल, अंकित, राहुल मिश्रा, पंकज दुबे, लालता, ज्ञानप्रकाश, विमलेश, नंदलाल, शेराज अहमद, आकाश विश्वकर्मा, मोहन यादव, सतीश सिंह आदि शामिल रहे। उधर खुटहन के बंशीपुर धम्मौर
गांव में स्थित गैस एजेंसी पर जब लोगों को मंगलवार को गैस नहीं मिला तो लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने अगले दिन गैस दिलाने का भरोसा देकर जाम समाप्त कराया था। बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में
वितरण शुरू हुआ। आधे लोगों को ही सिलेंडर मिला था कि तभी पता चला कि सिलेंडर खत्म हो गया। नाराज उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। प्रदर्शन करने वालों में शबाना बानो, रिजवाना बेगम, छोटेलाल, खुशबू, शोभनाथ, प्रकाश दुबे आदि थे।