रुधौली बाजार स्थित आरके भारत गैस एजेंसी पर सोमवार को सुबह उपभोक्ताओं ने रसोई गैस के लिए जमकर बवाल किया। पहले तो एजेंसी के बाहर जमा उपभोक्ताओं की भीड़ ने एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की फिर पथराव कर दिया।
पत्थरबाजी से किसी को चोट तो नहीं आई पर एजेंसी के मुख्य द्वार पर लगा शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा शांत कराया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडर के लिए वे तकरीबन 25 दिन से एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
रुधौली बाजार में स्थित गैस एजेंसी पर सोमवार को तड़के गैस के लिए चार से पांच सौ लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पिछले तकरीबन एक महीने से प्रतिदिन सुबह यहां उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी जाती है। कम आपूर्ति के चलते कुछ लोगों को सिलेंडर मिल पाता है, बाकी लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। सोमवार को भी लोग खाली सिलेंडर लेकर रसोई गैस लेने पहुंचे थे।
काफी देर तक लाइन में लगे रहने के बाद जब उन्हें पता चला कि आज भी बिना गैस के उन्हें मायूस लौटना पड़ेगा तो उपभोक्ताओं का गुस्सा भड़क गया। लोग एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उपभोक्ता बाहर हल्ला मचाने लगे तो कर्मचारी अंदर हो लिए। इसी बीच किसी ने पथराव कर दिया। पत्थर लगने के कारण एजेंसी के मुख्य गेट पर लगा शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
मामला गंभीर होता देख किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। यहां मौजूद कई उपभोक्ताओं ने पुलिस को बताया कि वे बीते दिसंबर माह के पहले सप्ताह से ही गैस की आनलाइन बुकिंग कराकर एजेंसी का चक्कर काट रहे हैं। हमेशा यही आश्वासन मिलता है कि अगले दिन गैस मिल जाएगी।