जफराबाद। क्षेत्र के शंकरगंज रेलवे क्राॅसिंग के समीप शनिवार दोपहर में एक प्रेमी युगल ट्रेन की पटरी पर लेट गया। ट्रेन की चपेट में आने से प्रेमी की मौत हो गई जबकि प्रेमिका गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों युवक-युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों आपस में शादी करना चाहते थे लेकिन दो दिन पहले युवती की शादी कहीं और तय हो गई। इसके चलते दोनों ने अपने अपने घरों से भागकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस के मुताबिक वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के कुंआर बाजार के समीप स्थित अहिरान गांव के राजभर बस्ती निवासी सोनू राजभर (24) पुत्र जयप्रकाश राजभर तथा उसी गांव निवासी वंदना राजभर (22) पुत्री बुद्धू राजभर शनिवार दोपहर जफराबाद के शंकरगंज रेलवे क्राॅसिंग के पास गए थे। इस दौरान मुंबई से आने वाली गोदान एक्सप्रेस को देखकर दोनों पटरी पर लेट गए। ट्रेन से प्रेमी की गर्दन कट कर अलग हो गई। प्रेमिका अचानक उठ कर हटने लगी तभी ट्रेन की चपेट में आने से उसका दोनों हाथ कट गया। वह पटरी के बगल में जा गिरी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रेमिका को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के भाई सूर्यभान ने बताया कि युवती परिवार में सबसे छोटी थी। उसकी दो दिन पहले शादी तय हुई थी। शनिवार की सुबह 10 बजे दोनों घर से भागे थे। मृतक के पिता जय प्रकाश राजभर ने बताया एक वर्ष पहले से दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी हो गयी थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रभारी निरीक्षक जफराबाद सुरेंद्रनाथ सिंह ने बताया कि युवती की शादी अन्यत्र तय हो गई थी। जिसको लेकर दोनों काफी दुखी थे। दोनों ने घर से भाग कर यह कदम उठा लिया। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम लिए भेज दिया गया है। लड़की की हालत अभी गंभीर है।