क्रेडिट कार्ड से कटी धनराशि के बारे में जानकारी लेने बैंक पहुंचे अमिहित गांव निवासी अरुणांचल दीक्षित को जालसाजों ने जाल में फंसाकर 1.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप है कि क्रेडिट कार्ड से कटे रुपयों की जानकारी के लिए वह स्टेट बैंक पहुंचे तो वहां पर बैठा विशाल मिश्रा मिला। क्रेडिट कार्ड की लिमिट तीन लाख तक बढ़ाने का लालच देते हुए उसने कहा कि रिक्वेस्ट भेज रहा हूं और फोन आएगा तो जैसा कहेगा वैसा ही आप करिएगा। फोन आया तो उन्होंने वैसा ही कर दिया। इसके बाद खाते से 1.20 लाख रुपये कट गए। फिर बैंक गया तो बैंक वाले अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है। प्रभारी निरीक्षक केराकत सतीश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।