12- सुरेरी क्षेत्र के घाघरपुर गांव में मुंबई से आये युवक में कोरोना संक्रमण पाए जाने के बाद बांस बल?
- फोटो : JAUNPUR
रामनगर/सुरेरी। कोरोना के तीन नए मरीज मिलने के साथ ही तीन नए हॉट स्पॉट भी बन गए हैं। तीनों गांवों को सील कर दिया गया है। वहां दिन में सैनिटाइजेशन कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर सर्वे करेगी। इसके लिए हर गांव में चार-चार टीमों को लगाया गया है।
मुंबई से अलग-अलग तिथियों में निजी साधन से गांव आए तीन लोगों की कोरोना रिपोर्ट सोमवार को पॉजीटिव आई थी। इसके बाद तीनों मरीजों को देर शाम ही एंबुलेंस से वाराणसी भेज दिया गया था। उनके संपर्क में आने वाले परिवार के सदस्यों व अन्य लोगों को चिह्नित कर संस्थागत क्वारंटीन में भेज दिया गया। उनके सैंपल भी लिए गए हैं। मंगलवार की सुबह रामनगर ब्लाक की टीम लाखोपुर व छांगापुर पहुंची। दोनों गांवों में प्रवेश के सभी मार्गों को सील करते हुए पुलिस की तैनाती की गई है। सफाई कर्मी को गांव में सैनिटाइज करने की जिम्मेदारी दी गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आलोक कुमार सिंह ने बताया कि दोनों गांवों में डोर-टू-डोर सर्वे के लिए 4-4 टीमें लगाई गई हैं। यह टीम हर घर तक जाकर वहां के सदस्यों के स्वास्थ्य का पूरा ब्योरा दर्ज करेगी। उधर, रामपुर ब्लाक के घाघरपुर गांव में एसडीएम मड़ियाहूं कौशलेश मिश्र के नेतृत्व में सीओ विजय सिंह, बीडीओ राजीव सिंह ने पहुंचकर गांव को सील करा दिया। एसडीएम ने बताया कि कोरोना मरीज के संपर्क में आए पांच लोगों को शेल्टर होम के क्वारंटीन में रखा गया है।