संवाद न्यूज एजेंसी बक्शा। श्रीमद्भागवत कथा सुनने से जीवन को मुक्ति मिलती है। भागवत कथा के अनुशीलन से भक्ति ज्ञान वैराग्य के साथ त्याग की प्राप्ति होती है। ये बातें बक्शा विकास खंड के लेदुका बाजार में स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ एवं श्रीराम कथा के प्रथम दिन बुधवार की रात में वाराणसी से पधारे मानस कोविद डॉ. मदन मोहन मिश्र ने कथा श्रवण के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सत्संग से जहां जीवन सर्वश्रेष्ठ होता है। वहीं, कुसंग से जीवन खराब हो जाता है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा भूत के शोक वर्तमान के मोह और भविष्य के भय को समाप्त कर देती है। भागवत की कथा सुनने वाले के हृदय में भक्ति का निवास होता है। माता-पिता का अनादर करने वाला कभी मुक्त नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि ईश्वर का दर्शन करना ही भक्ति है। कथा सुनने से जीवन की सारी व्यथा समाप्त हो जाती है। श्रीराम कथा सुनाते हुए वाराणसी से पधारीं मानस कोकिला डॉ. सुधा पांडेय ने शिव सती प्रसंग की चर्चा कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजक राजनाथ सेठ द्वारा आरती पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।