सिकरारा के सादात बिंदुली में शुक्रवार को चौपाल में जनता की समस्या सुनतीं बीडीओ प्रीति तिवारी।
लोहिया समग्र गांव सादात बिंदुली के जूनियर हाईस्कूल पर शुक्त्रस्वार को बीडीओ की अध्यक्षता में चौपाल लगा कर समस्या सुनी गई। विभिन्न योजना के तहत चयनित लाभार्थियों के नामों की सूची को पढ़ कर सुनाया गया।
बीडीओ प्रीति तिवारी ने ग्रामीणों को बताया कि वित्तीय वर्ष 2016-17 में चयनित इस गांव को शासन की मंशा के अनुरूप विकसित करने के लिए सभी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जाएगा। एक भी पात्र छूटने न पाएगा।
किसी भी अपात्र को अनावश्यक लाभ न मिले इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में 115, लोहिया आवास 25, वृद्धा पेंशन 48, विधवा पेंशन 11 और आठ विकलांग लाभार्थी चुने गए हैं।
गांव के 355 परिवारों को शौचालय की सुविधा भी दी जाएगी। ग्राम पंचायत अधिकारी माता प्रसाद ने सभी लाभार्थियों का नाम चौपाल में सुनाया। सभी ने सहमति जताई।
गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने व सीसी रोड तथा पानी उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। मौके पर एडीओ पंचायत अजीत सिंह, एडीओ आइएसबी विनय शुक्ल, जेई अतुल सिंह, समर बहादुर, भीम सेन आदि थे। प्रधान लालता प्रसाद ने आभार जताया।