जौनपुर। रबी की खेती के सीजन में उर्वरक की उपलब्धता और गुणवत्ता के मद्देनजर बुधवार को राजस्व विभाग और कृषि विभाग की टीम ने जिले भर में अभियान चलाकर दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद-बीज की 65 दुकानों की जांच कर 32 नमूने संकलित किए गए। अनियमितता मिलने पर तीन प्रतिष्ठानों लाइसेंस निलबित कर दिया गया और दुकानदारों को चेतावनी दी गई।
शाहगंज तहसील में जिला कृषि अधिकारी केके सिंह, मड़ियाहूं में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी स्वाती पाहूजा, बदलापुर में अपर जिला कृषि अधिकारी रवींद्र कुमार, मछलीशहर में जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार, केराकत में भूमि संरक्षण अधिकारी शशि केश सिंह, सदर तहसील में उप सभागीय कृषि प्रसार अधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान टीमों के अधिकारियों ने स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर, रेट बोर्ड, लाइसेंस, आपूर्तिकर्ता फर्मों के बिक्री अधिकार पत्र आदि की जांच की। किसान खाद एवं बीज भंडार कोईरीडिहा, मौर्या खाद भंडार और गुप्ता खाद भंडार चिरैयामोड़ शाहगंज का स्टॉक और बिक्री रजिस्टर अपूर्ण अपूर्ण पाया गया। साथ ही पीओएस स्टॉक और भौतिक स्टॉक में अंतर मिला। इस पर जिला कृषि अधिकारी केके सिंह ने तीनों दुकानों का लाइसेंस निलंबित कर दिया। इन दुकानदारों को एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। वहीं, सात दुकानदारों को गड़गड़ियां मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।