जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र में भूमि विवाद में पैमाइश के लिए गए हल्का लेखपाल ने अनुसूचित जाति की महिला के साथ दुराचार का प्रयास किया। महिला के शोर पर लोगों के इकट्ठा होने पर लेखपाल भाग गया। बाद में फोन पर पीड़ित महिला को चारपाई सहित उठवा लेने और मौत के घाट उतारने की धमकी दी। एसपी के हस्तक्षेप से थानाध्यक्ष ने लेखपाल राकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अनुसूचित जाति की विवाहिता का आरोप है कि उसका पति दिल्ली में रहकर नौकरी करता है। उसका भूमि संबंधी विवाद चल रहा है, जिसकी पैमाइश के लिए हल्का लेखपाल घर आए। घर पर उसे अकेली देखकर उनकी नियत खराब हो गई। वह उसके ऊपर टूट पड़े और उसके साथ दुराचार करने का प्रयास करने लगे। अर्धनग्न कर दिया। उसके चीखने चिल्लाने पर तमाम महिलाएं इकट्ठा हो गई। जिन्हें देख वह भाग खड़े हुए बाद में मोबाइल से फोन करके जातिसूचक गालियां देते हुए धमकी दिया कि मेरे पास बहुत आदमी है। तुमको चारपाई सहित उठवा ले जाऊंगा। मन की मुराद पूरी कर मौत के घाट उतार दूंगा और लाश भी गायब करवा दूंगा। थानाध्यक्ष ने उसकी दरखास्त पर कार्रवाई नहीं किया तब वह पुलिस अधीक्षक से मिली। एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर कॉपी दीवानी न्यायालय के संबंधित कोर्ट में दाखिल की गई।