जौनपुर। प्रेमी के साथ नई दुनिया बसाने के लिए घर से निकली सुजानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी लड़की का प्रेमी प्रयागराज पहुंचते ही अपने फैसले से पीछे हट गया। इसके बाद वे कानपुर चली गई। मंदिर में रहने के दौरान उसकी मुलाकात एक सपेरे से हुई और बाद में दोनों ने शादी कर ली। करीब डेढ़ साल तक लापता रही युवती आखिरकार कानपुर में अपने पति और पांच महीने की बच्ची के साथ मिली। इस दौरान उसकी तलाश में मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट तक पहुंचा और एक अज्ञात युवती के शव का डीएनए परीक्षण तक कराया गया। पुलिस के मुताबिक सुजानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती गांव के ही दूसरी बिरादरी के युवक से प्रेम करती थी। दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवार को हुई तो उन्होंने घर छोड़कर साथ रहने की योजना बनाई। एक जनवरी 2025 को युवती घर से निकलकर प्रयागराज पहुंची लेकिन युवक डर के कारण पीछे हट गया। इसके बाद युवती घर नहीं लौटी और ट्रेन से कानपुर चली गई। परिजनों ने युवक पर संदेह जताते हुए प्राथमिकी दर्ज करा दी। कानपुर में युवती एक मंदिर में रुकी। वहां उसने एक ई-रिक्शा चालक को अपनी परेशानी बताई। चालक ने उसे फोन दिया, जिससे उसने घर पर फोन लगाया लेकिन बात नहीं की। बाद में उसने प्रेमी को फोन कर कानपुर बुलाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक युवक ने बातचीत रिकॉर्ड कर पुलिस को सौंप दी। युवती के कानपुर में होने की जानकारी उसके परिवार को दी।