जिलाधिकारी भानुचन्द्र गोस्वामी ने गुरुवार को निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज सिद्दीकपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन भवनों व बिजली आदि कार्यो की जांच की।
डीएम ने भवनों के निर्माण में बाधाक बनने वाले कताई मिल के पुराने भवन को ध्वस्त करने और कार्य को गुणवत्ता व मानक के अनुसार तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी गुरुवार को निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज सिद्दीकपुर पहुंचे। प्रशासनिक भवन, एकेडमी भवन, छात्रावास और कर्मचारियों व अधिकारियों के रहने के लिए बनने वाले आवासों के स्थलों की जांच किया।
भवनों को शीघ्र शुरु कराने का निर्देश दिया। साथ ही निर्धारित तिथि के अंदर सारे कार्यो को पूरा करने को कहा। मेडिकल कालेज का निर्माण करने वाली कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के
सहायक अभियन्ता आरएन यादव ने बताया कि मार्च 2017 तक मेडिकल कालेज के पढ़ाई वाले भवनों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। शेष कार्य दिसम्बर 2017 तक पूर्ण होगा।
इन कार्यो के लिए लगभग 250 मजदूर लगाए गए हैं। इस अवसर पर टाटा के प्रोजेक्ट मैनेजर सोमू राव व सहायक अभियंता सालिम रजा उपस्थित रहे।