महराजगंज/बक्शा। बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने मंगलवार को नौपेड़वा और महराजगंज सीएचसी का निरीक्षण किया। यहां कोरोना मरीजों के उपचार के लिए सुविधाएं विकसित करने के बारे में जानकारी ली। उन्होंने नौपेड़वा सीएचसी में पांच बेड के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराने की बात कही। वहीं महराजगंज में पांच बेड के एल-1 अस्पताल का शुभारंभ भी किया।
विधायक पहले नौपेड़वा सीएचसी पहुंचे। अस्पताल का भ्रमण कर कोरोना से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण की जानकारी ली। अस्पताल में बने इमरजेंसी वार्ड में सहूलियत के हिसाब से तीन बेड रखने का निर्देश दिया। अधीक्षक डॉ. जीके सिंह से कुल पांच ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराने का वादा किया। अस्पताल में बाउंड्रीवाल न होने की जानकारी लेते हुए डीएम से बात करने का आश्वासन दिया। इस दौरान डॉ. आलोक रघुवंशी, चीफ फार्मासिस्ट रणधीर यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेश सिंह, सूर्यप्रकाश चौबे, जितेंद्र मिश्र, फार्मासिस्ट ओमप्रकाश, लालजी वर्मा, राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।
उधर, महराजगंज सीएचसी में विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने पांच बेड के एल-1 कोविड अस्पताल का शुभारंभ किया। दो ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, नेबूलाइजर, पल्स ऑक्सीमीटर, टेंपरेचर मशीन आदि की व्यवस्था कराकर इमरजेंसी में दो बेडों पर इलाज शुरू कराया। कहा कि बहुत जल्द तीन अन्य बेड के लिए भी जरूरी सामग्री दी जाएगी। सीएचसी अधीक्षक को निर्देशित किया कि जो भी कमियां हैं, वह जल्द दूर कराएं। इस मौके पर एसडीएम बदलापुर अमिताभ यादव, ब्लाक प्रमुख पति विनय सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष लवकुश सिंह, रोहित सिंह आदि मौजूद रहे।