निगोह। बरसठी ब्लॉक के सरकारी राशन के दुकानदारों ने बृहस्पतिवार को कमीशन बढ़ाने की की मांग को लेकर मियांचक बाजार में प्रदर्शन किया। 225 से अधिक जुटे कोटेदारों ने एक स्वर में कहा कि एक जनवरी से चल रहे हड़ताल का हम सब समर्थन करते हैं। समर्थन में राशन वितरण करने वाली ई-पॉस मशीन बंद रखा जाएगा। कोटेदारों ने अन्य प्रदेशों की तरह लाभांश बढ़ाने की मांग की। जिससे उनके परिवारों का भरण-पोषण आसानी से हो सके।
ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप के ब्लॉक अध्यक्ष राकेश चौहान के नेतृव में क्षेत्रीय कोटेदारों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कोटेदारों को महज 90 रुपये प्रति क्विंटल लाभांश दिया जाता है, जबकि हरियाणा 280, गोवा में 200, केरल में 200, महाराष्ट्र में 150, राजस्थान में 125 रुपए क्विंटल कमीशन दिया जा रहा है। गुजरात सरकार कोटेदारों को 20 हजार रुपये मानदेय भी दे रही है। संघ के महामंत्री नागेंद्र प्रसाद दुबे ने कहा कि देश में वन पेंशन वन कार्ड की व्यवस्था है तो वन कमीशन भी होना चाहिए।
इस मौके पर उपाध्यक्ष इंद्रमणि पाल, अच्छेलाल यादव, रत्नेश दुबे, लालमणि यादव, लालबहादुर मौर्य आदि मौजूद रहे।