जौनपुर। दिल्ली की एक कोचिंग के बेसमेंट में डूबने से तीन छात्रों की मौत के बाद हरकत में आए जिला प्रशासन ने ऐसे 19 प्रतिष्ठानों को नोटिस भेजा था, जो अपने बेसमेंट में कोचिंग चला रहे थे या व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर रहे थे। इसमें से न तो आज तक किसी ने जवाब दिया और ना ही कोचिंग या व्यावसायिक गतिविधियां बंद कराने की जहमत ही उठाई। आज भी बेसमेंट शैक्षणिक संस्थान और प्रतिष्ठान धड़ल्ले से चल रहे हैं। जो खतरे से खाली नहीं है।
जिला मुख्यालय के शहरी क्षेत्र और तहसील के कस्बों में बेसमेंट में काफी संख्या में व्यावसायिक प्रतिष्ठान चल रहे हैं। नियमत: बेसमेंट में पार्किंग या स्टोर की ही अनुमति होती है। किसी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि नहीं होनी चाहिए। इसको लेकर दो अगस्त से तीन चार दिनों तक शहर में जहां सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह ने बदलापुर पड़ाव, वाजिदपुर तिराहा, ओलंदगंज आदि क्षेत्रों में भ्रमण किया था। इसमें सभी से नक्शा भी मांगा गया था काफी संख्या में लोग मौके पर नक्शा नहीं दिखा सके। वह तहसीलों में एसडीएम ने अभियान चलाकर छापेमारी की थी। इसमें कुछ संस्थानों को नोटिस भी दी गई। इस कार्रवाई के 20 दिनों के बाद भी इन दुकानों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ना ही इन्हें सील की गई।
...........................................
इन्हें भेजी गई थी नोटिस
वेव एकेडमी कोचिंग वाजिदपुर, सीजीएस ग्लोबल कोचिंग सिटी टॉवर वाजिदपुर तिराहा, विजय लाइब्रेरी सिटी टॉवर वाजिदपुर, स्ट्रीट फिटनेस जिम सिटी टॉवर वाजिदपुर तिराहा, सिटी कैफे सिटी टॉवर वाजिदपुर तिराहा, एंबीशन कम्प्यूटर इंस्टीट्यूट सिटी टॉवर वाजिदपुर तिराहा, हैंग आउट रेस्टोरेंट कमला काम्प्लेक्स हुसैनाबाद टीडी कॉलेज, चाय सुट्टा रेस्टोरेंट हुसैनाबाद टीडी कॉलेज, बजाज वुडलैंड शोरूम जेसीज चौराहा, कालिका गेस्ट हाउस जेसीज चौराहा, पाठक ऑटो मोबाइल्स जेसीज चौराहा, सिद्धि विनायक ज्वेलर्स लाइन बाजार टीडी कॉलेज, महालक्ष्मी ज्वेलर्स लाइन बाजार टीडी कॉलेज, ड्रीम कैफे जेसीज चौराहा, सियाराम जेसीज चौराहा, प्रेमलता हरलालका हुसैनाबाद जेसीज चौराहा, सर्वजीत कुमार जेसीज चौराहा, केवी मार्ट किराना स्टोर जेसीज चौराहा, भोलानाथ साहनी उमरपुर हरिबंधनपुर को नोटिस दी गई।
............................................
वर्जन ...
शहरी क्षेत्र में जिन प्रतिष्ठानों को नोटिस भेजी गई थी। उनसे जवाब मांगा गया है। विभिन्न संगठनों के भारत बंद अभियान में व्यस्त हूं। आगे की कार्रवाई कराता हूं।
-इंद्रनंदन सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट।