जौनपुर। केराकत बार एसोसिएशन का चुनाव एक बार फिर गरमा गया है। बार एसोसिएशन की मौजूदा कमेटी द्वारा गठित एल्डर्स कमेटी ने मंगलवार को चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा की। 28 फरवरी को बार एसोसिएशन का चुनाव कराया जाएगा। उसी दिन शाम तक मतगणना भी करा दी जाएगी। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव लड़ने के इच्छुक अधिवक्ता 17 से 18 फरवरी तक नामांकन पत्रों को खरीद सकेंगे। 21 और 22 फरवरी को नामांकन दाखिल करने का दिन तय किया गया है। अगले दिन 23 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जो उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ना चाहेंगे वे 24 फरवरी को अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। दिसंबर महीने में ही बार एसोसिएशन का चुनाव कराया जाना था। लेकिन कुछ अधिवक्ताओं का नाम वोटर लिस्ट से निकाल दिए जाने के कारण उनके विरोध के चलते राज्य विधिज्ञ परिषद के हस्तक्षेप के बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया।