जौनपुर। जिले के बहुप्रतीक्षित केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि की तलाश आईटीआई परिसर पयागीपुर में पूरी होने के बाद पांच एकड़ भूमि में इसके निर्माण की तैयारी की जा रही है। विद्यालय का निर्माण 36 करोड़ की लागत से बनेगा। हालांकि प्रशासन का कहना है कि अभी केंद्रीय विद्यालय का अस्थाई संचालन जीजीआईसी भंडारी में होगा। जुलाई से कक्षाएं चलेंगी। जून 2022 में केंद्रीय विद्यालय परियोजना पर पहली बार चर्चा शुरू हुई थी। इसके बाद आईटीआई परिसर में भूमि चयन की प्रक्रिया शुरू हुई। आवश्यक भूमि के चिह्नांकन के बाद, राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रयासों से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री से भूमि हस्तांतरण के लिए पत्र लिखा, जिसके बाद जिलाधिकारी को पांच एकड़ भूमि आवंटित करने की स्वीकृति मिल गई। परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और वित्त एवं व्यय समिति (ईएफसी) से अनुमोदन प्राप्त हो चुका है। कैबिनेट ने भी संसद सत्र में इस परियोजना को स्वीकृत किया था।