जौनपुर। एडीजी बृजभूषण ने सोमवार को पुलिस लाइंस और एसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर पुलिस की तैयारियां परखीं। गांवों में सूचना तंत्र को मजबूत करने और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिया। उन्होंने हिदायत दी कि गांवों पर पूरा ध्यान रखें। वहां के किसी विवाद को नजरंदाज न करें। छोटे-छोटे मामलों में भी त्वरित कार्रवाई करते हुए समाधान कराए।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से वार्ता में एडीजी ने कहा कि वर्ष 2020 में अपराधियों के खिलाफ जौनपुर में अच्छी कार्रवाई हुई है। अपराध भी काफी हद तक नियंत्रित हुआ है। अब पंचायत चुनाव को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हर चुनौती से निबटने को तैयार है। पुलिस लगातार गांवों में गश्त करेगी। चुनाव में खलल डालने वालों से सख्ती से निबटा जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में यहां 128 के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 29.40 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है। पूरे जोन में 227 गैंगेस्टर से 365 करोड़ की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई है। जौनपुर में गो तस्करी के मामले में 50 पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है और उनसें 2.75 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है। जिले में एक साल के भीतर 76 अपराधियों पर इनाम घोषित किया गया है। 242 अवैध असलहों की बरामदगी हुई है। उन्होंने कहा कि महिला अपराध को रोकना पुलिस की प्राथमिकता में है। इस दौरान एसपी राजकरन नय्यर, एएसपी सटिी डॉ संजय कुमार, एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह समेत सभी सर्किल के सीओ मौजूद थे।
बच्चे और बुजुर्गों पर नहीं होगी शांतिभंग में कार्रवाई
जौनपुर। एडीजी बृजभूषण ने एक सवाल के जवाब में कहा कि बच्चे, बुजुर्ग. गंभीर रूप से बीमार लोगों के खिलाफ 107(16) के तहत अनावश्यक रूप से उन्हें न फंसाया जाए, इसके लिए सभी पुलिसकर्मियों को हिदायत दी गई है। अगर ऐसे किसी मामले की जांच में पुलिस की लापरवाही सामने आएगी तो संबंधित के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने लगाई प्रदर्शनी
जौनपुर। एडीजी के वार्षिक निरीक्षण को देखते हुए पुलिस लाइंस में यातायात पुलिस की ओर से सुरक्षित और सुगम यातायात के लिए इस्तेमाल होने वाले संसाधनों की प्रदर्शनी लगाई गई। यातायात उप निरीक्षक शिवबदन यादव और नारायण सिंह ने यहां रखे गए लक्समीटर, जेसिबल मीटर, बाडी वार्न, ब्रेथ एनालाइजर, लाउड हेलर, मल्टी टार्च आदि प्रदर्शित किया गया।
एडीजी ने ली क्वार्टर गार्ड की सलामी
जौनपुर। वार्षिक निरीक्षण के लिए जिले में आए एडीजी बृजभूषण ने पुलिस लाइन में क्वार्टर गार्ड की सलामी ली। उन्होंने गार्द रूम, शास्त्रागार, जीपी स्टोर, आरटीसी बैरक, मेस, परिवहन शाखा, जिमनेजियम हाल और आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया। पुलिस लाइंस में उन्होंने पौधरोपण भी किया। यहां से वह एसपी कार्यालय पहुंचे। वहां कुछ देर निरीक्षण के बाद शहर कोतवाली पहुंचे। कोतवाली में महिला हेल्प डेस्क, कार्यालय के अभिलेखों/शस्त्रों के रख-रखाव, थाना परिसर, मेस व बैरक में साफ-सफाई का निरीक्षण किया।