जौनपुर। वेब सीरीज तांडव को लेकर जिले में विरोध तेज हो गया है। करणी सेना ने बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष उर्वशी सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीआरओ को सौंपा। फिल्म के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पाल सिंह अम्मू के आह्वान पर लामबंद कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया। अभिनेता सैफ अली खान सहित अन्य कलाकारों के विरोध में नारे लगाए। प्रदेश अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने कहा कि इस बेब सीरीज को लेकर हिंदुओं में आक्रोश है। यह वेब सीरीज माहौल खराब करने के मकसद से बनाई गई है। हिंदू देवी देवताओं का अपमान किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। करणी सेना सेंसर बोर्ड और सरकार से मांग करती है कि जल्द से जल्द इस पर करवाई की जाए। तांडव वेब सीरीज को प्रतिबंधित किया जाए। ऐसा नहीं हुआ तो करणी सेना सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन में वाराणसी मंडल उपाध्यक्ष पिंकू मौर्य, अंकिता सिंह, दिव्यांशु सिंह, रोहित सिंह, जेपी सोनकर, इष्टदेव सिंह आदि मौजूद रहे।