महिला सशक्तीकरण को स्थापित करने के उद्देश्य से कन्या सुमंगला योजना के तहत जौनपुर प्रदेश में तीन वर्षों से पहले पायदान पर बना हुआ है। आलम यह है कि पीएम के संसदीय क्षेत्र को भी पीछे छोड़कर जिला पहले पायदान पर बना है। इसमें उन्नाव तीसरे, हरदोई चौथे व फतेहपुर पांचवें पायदान पर रहा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय की तरफ से संचालित कन्या सुमंगला योजना का मुख्य उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या को समाप्त करना, समान लैंगिक अनुपात स्थापित करना, बाल विवाह की कुप्रथा को रोकना, बालिकाओं के स्वास्थ्य व शिक्षा को प्रोत्साहन देना, बालिकाओं को स्वावलंबी बनाने में सहायता प्रदान करना, बालिका के जन्म के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना। इस योजना की शुरुआत एक अप्रैल 2019 को की गई। इसके तहत छह चरणों में 25 हजार रुपये देकर महिलाओं को लाभान्वित किया जाएगा। जिले में 20350 लड़कियों को इसका लाभ मिल रहा है।
......................................
वर्ष 2024 मार्च तक इन टॉप 10 जिलों को इतना मिला लाभ :
जौनपुर में 20360, वाराणसी में 16576, उन्नाव में 12791, हरदोई में 12047, फतेहपुर में 11885, गोंडा में 10226, सीतापुर में 10206, प्रयागराज में 10168, बलिया 9997 और बाराबंकी में 9637 लड़कियों को कन्या सुमंगला योजना का लाभ दिया गया।
....................................
इन छह चरणों में दी जाती है धनराशि :
प्रथम चरण में बालिका के जन्म होने पर पांच हजार, द्वितीय चरण में बालिका के एक वर्ष तक के पूर्ण टीकाकरण के उपरांत दो हजार, तृतीय चरण में कक्षा प्रथम में बालिका के प्रवेश के उपरांत तीन हजार, चौथे चरण में कक्षा छह में बालिका के प्रवेश के उपरांत तीन हजार, पांचवें चरण में कक्षा नौ में बालिका के प्रवेश के बाद पांच हजार, छठें चरण में 12 वीं करके स्नातक व दो वर्षीय डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लिया हो तो सात हजार रुपये दिया जाता है।
.........................................